
बरेली। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान को लेकर शुक्रवार को बरेली पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय में एसपी साउथ अंशिका वर्मा की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी थाना प्रभारी और मिशन शक्ति टीमों के प्रभारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान एसपी साउथ ने जमीनी हकीकत का फीडबैक लेते हुए दो टूक निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला संबंधी शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता से लेकर फौरन नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार गश्त व जागरूकता अभियान चलाएं तथा महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करें।
हर गांव और मोहल्ले में बालिकाओं व महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाए।
फील्ड में काम करने के दौरान पुलिसकर्मियों को आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को आपसी समन्वय से तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के अंत में एसपी साउथ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, सक्रियता और जवाबदेही के साथ अभियान को सफल बनाने के कड़े निर्देश दिए।