
बरेली, मीरगंज। अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरगंज
पुलिस टीम ने गश्त व चेकिंग के दौरान परौरा मोड़ के पास से एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से मीरगंज का रहने वाला है, जो हरियाणा के गुरुग्राम में सब्जी की ठेली लगाता है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल अरकान आलम व कांस्टेबल अंकुर सिरोही की टीम सोमवार रात संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक युवक अवैध असलहा लेकर परौरा मोड़ के पास खड़ा है। सूचना पर सतर्क हुई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित घेराबंदी की और रात करीब 8:34 बजे संदिग्ध को दबोच लिया।
जामा तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम जावेद हुसैन (उम्र 24 वर्ष) पुत्र जाबिर हुसैन, निवासी ग्राम पैगानगरी, थाना मीरगंज बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है।
पूछताछ में बोला– ‘साहब, गलती हो गई, सुरक्षा में रखा था तमंचा’
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान जावेद हुसैन ने बताया कि वह गुरुग्राम (हरियाणा) में सब्जी की ठेली लगाता है और कभी-कभार ही गांव आता है। उसने पुलिस को बताया कि उसने यह तमंचा बिना किसी वैध लाइसेंस के केवल आत्मरक्षा के नाम पर अपने पास रखा हुआ था। उसने कहा कि वह इसे लेकर घूम रहा था तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया, उससे भारी भूल हो गई।