नकटिया नदी के पुनर्जीवन को मेयर और तनु जैन ने बढ़ाया कदम, एक हजार विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

बरेली। नकटिया नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं जीवंत बनाने की दिशा में गुरुवार को बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा व्यापक नदी पुनर्जीवन एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में इन्वर्टिस विश्वविद्यालय, बरेली के करीब 1,000 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नदी संरक्षण का संकल्प लिया।
अभियान का उद्देश्य महज नदी की सफाई तक सीमित न रहकर नकटिया नदी के जलग्रहण क्षेत्र, जल निकासी तंत्र तथा आसपास के इलाकों में प्रदूषण के स्रोतों को चिन्हित कर उन्हें नियंत्रित करना और लोगों में जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना रहा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन के मार्गदर्शन में कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान में विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया। नदी पुनर्जीवन एवं सफाई कार्य के लिए JCB समेत अन्य संसाधनों की व्यवस्था की गई। वहीं प्रतिभागियों की सुरक्षा के मद्देनजर मेडिकल एम्बुलेंस एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहीं।


इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने नदी क्षेत्र में श्रमदान करते हुए कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट हटाने में सक्रिय सहयोग किया। करीब एक हजार युवाओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि नदियों का संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है।
डॉ. तनु जैन ने कहा कि नकटिया नदी पुनर्जीवन अभियान को जनभागीदारी, पर्यावरणीय संवेदनशीलता और सतत जल प्रबंधन के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। युवाओं की ऊर्जा और सामुदायिक सहभागिता को नदी संरक्षण से जोड़कर नकटिया नदी के पुनर्जीवन को दीर्घकालिक जन-अभियान का स्वरूप दिया जाएगा।
अभियान के दौरान “स्वच्छ नदी–स्वस्थ समाज–हरित भविष्य” का संदेश दिया गया। कैंटोनमेंट बोर्ड ने नागरिकों, विद्यार्थियों एवं संस्थानों से नकटिया नदी के संरक्षण में निरंतर सहयोग की अपील की।
बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड का लक्ष्य नकटिया नदी को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण-मुक्त जल निकाय के रूप में विकसित करना है। इसके लिए सफाई, जन-जागरूकता, जल संरक्षण, जैव-विविधता संरक्षण और हरित क्षेत्र विस्तार के प्रयास लगातार जारी रखने का संकल्प लिया गया।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks