
बरेली। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 26 अगस्त को प्रस्तावित जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। थाना बारादरी में SP City मानुष पारिक ने पुलिस मित्रों और पुराने शहर के जिम्मेदार नागरिकों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर चर्चा की।
बैठक में जुलूस के रूट, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन किया गया। SP City ने लोगों से अपील की कि जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस मित्रों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से समन्वय बनाए रखने और भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोकने में सहयोग मांगा गया। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी रहेगी।
पुलिस प्रशासन का जोर जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने पर है। बैठक में जिम्मेदार नागरिकों ने भी पुलिस को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।