पीआरडी जवानों में दौड़ी खुशी की लहर – सीएम ने दी बड़ी सौगात, मानदेय ₹500 से बढ़कर हुआ ₹600

बरेली। प्रदेश के पीआरडी जवानों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। महानिदेशक, प्रान्तीय रक्षक दल/विकास दल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के क्रम में बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ताल, गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में पीआरडी जवानों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बरेली कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश स्तर पर पीआरडी जवानों के लिए मल्टीस्टोरी बैरक का लोकार्पण किया। इसके साथ ही पीआरडी जवानों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की घोषणा की गई। पूर्व निर्धारित ₹500 प्रतिदिन के मानदेय में ₹100 की वृद्धि करते हुए अब ₹600 प्रतिदिन निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की भी घोषणा की। इन घोषणाओं से प्रदेशभर में सेवाएं दे रहे पीआरडी जवानों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
बरेली कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम में विधायक मीरगंज डॉ. डीसी वर्मा, अपर जिलाधिकारी, अपर नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी, विभागीय व्यायाम प्रशिक्षक, समस्त क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, वरिष्ठ सहायक सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी आरती जायसवाल ने किया। अंत में उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks