विकास योजनाओं में लापरवाही पर मंडलायुक्त का चाबुक, बोले—आंकड़ों नहीं जमीन पर दिखे योजनाओं का असर


बरेली । मंडलायुक्त शम्भु कुमार ने विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने साफ कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। योजनाओं की प्रगति केवल कागजों और आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कर मंडल की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
युवाओं के ऋण में अड़ंगा तो दूर कराएं अधिकारी
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा में बदायूं में बैंक स्तर पर ऋण स्वीकृति में आ रही बाधाओं पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संयुक्त आयुक्त उद्योग को लीड बैंक मैनेजर से समन्वय कर समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। कहा कि पात्र युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने में बैंक स्तर पर अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
गौशालाओं पर सख्ती, रात में हादसे रोकने को रेडियम बेल्ट
पशुपालन विभाग की समीक्षा में मंडल की 19 निर्माणाधीन गौशालाओं का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। शाहजहांपुर की छोटी गौशालाओं की समीक्षा कर जरूरत के अनुसार गोवंश को वृहद आश्रय स्थलों में शिफ्ट करने को कहा। सभी गौशालाओं में हरा चारा, भूसा और स्वच्छ पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रात में सड़कों पर आवारा गोवंश से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उनके गले में रेडियम बेल्ट लगाने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि अंधेरे में वाहन चालकों को गोवंश आसानी से दिखाई दे, जिससे हादसों पर अंकुश लगे।
100 गौशालाओं में सीसीटीवी नहीं, कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश


बैठक में बताया गया कि मंडल की 107 गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि 100 गौशालाएं अभी इससे वंचित हैं। मंडलायुक्त ने शेष गौशालाओं में भी सीसीटीवी लगाने तथा सभी जिलों में प्रभावी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा।
आईजीआरएस में शिकायतकर्ता की संतुष्टि जरूरी
आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि शिकायतों का सिर्फ निस्तारण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बाल श्रम पर कड़ा रुख, बच्चों के पुनर्वास पर जोर
बाल श्रम रोकने के लिए पुलिस के सहयोग से अभियान चलाने, बाल श्रमिकों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा उन्हें शेल्टर होम में रखकर शिक्षा और पुनर्वास की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। अटल आवासीय विद्यालय में बच्चों के खानपान, स्वास्थ्य और रहन-सहन की व्यवस्थाएं बेहतर रखने को कहा।
बरेली में मातृत्व योजना की पेंडेंसी पर नाराजगी
मातृत्व एवं शिशु वंदना योजना में बरेली की अधिक पेंडेंसी पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण और विशेष कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बदायूं-शाहजहांपुर की कम प्रगति पर कार्रवाई के निर्देश
पंचायती राज विभाग की योजनाओं में बदायूं और शाहजहांपुर की अपेक्षाकृत कम प्रगति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। ‘मेरा तालाब, मेरी जिम्मेदारी’ योजना में शाहजहांपुर की खराब प्रगति पर तालाबों की सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को कहा।
बिजली विभाग की गलत रिपोर्ट पर भी फटकार
विद्युत एवं नलकूप विभाग की गलत रिपोर्ट भेजे जाने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। निवेश मित्र, झटपट पोर्टल और सरकारी विभागों के विद्युत बिलों की पेंडेंसी को जल्द खत्म कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त देवेंद्र प्रताप, प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी, जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर सहित मंडल स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks