डीएम के नेतृत्व में बरेली ने भरी राष्ट्रभक्ति की हुंकार, तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

बरेली । हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को बरेली में देशभक्ति का जोश देखने को मिला। बिशप मंडल इंटर कॉलेज से निकली बाइक/स्कूटी तिरंगा यात्रा को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं यात्रा में शामिल हुए। सुबह 9 बजे शुरू हुई यात्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर सम्पन्न हुई। बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों और जनसामान्य ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इसके बाद शाम 5 बजे पंचायती राज, ग्राम्य विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पैदल तिरंगा यात्रा निकाली। विकास भवन से शुरू हुई रैली गांधी उद्यान, चौकी चौराहा और जिलाधिकारी आवास के सामने से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं और अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं और नई पीढ़ी में देशभक्ति तथा राष्ट्रीय चेतना को मजबूती प्रदान करते हैं। साथ ही अधिकारियों को 14 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा में भी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर इशिता किशोर, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, आईटीबीपी जवान एवं जनसामान्य मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks