
बरेली। थाना साइबर क्राइम बरेली ने साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को बड़ी राहत देते हुए ठगी गई राशि में से 5 लाख 50 हजार रुपये वापस उसके खाते में रिवर्स करा दिए हैं। पुलिस अब शेष धनराशि की बरामदगी के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 को सिविल लाइंस निवासी नरेशचंद्र सूद ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया और बैंकिंग सेवा के नाम पर आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी हासिल कर उनके खाते से 8 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य एवं पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने MHA के IC4 साइबर पोर्टल, संबंधित बैंकों और अन्य एजेंसियों के सहयोग से मनी ट्रेल का पीछा किया, जिसके परिणामस्वरूप ठगी गई राशि में से ₹5.50 लाख पीड़ित के खाते में वापस कराए गए। शेष रकम एटीएम के माध्यम से निकाली गई है, जिसकी बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।