
बरेली। विभिन्न त्योहारों और आयोजनों के बीच बरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य खुद सड़क पर उतरे और पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने थाना कोतवाली पुलिस और पर्याप्त पुलिस बल के साथ बिहारीपुर चौकी से इस्लामिया होते हुए अय्यूब खां चौराहे तक पैदल गश्त की। इस दौरान प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई।

पैदल गश्त के दौरान एसएसपी ने आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
बरेली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों और आयोजनों के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पैदल गश्त, चेकिंग अभियान और निगरानी जारी रहेगी। जनता से भी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।