
रोड पर गड्ढे, जलभराव, पेयजल और यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत दिए आवश्यक निर्देश
बरेली, 23 जुलाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत बदायूं रोड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बरेली में अधिकांश कावरिये बदायूं स्थित कछला से जल लेने जाते है और वर्तमान में इस मार्ग पर रोड चौड़ी करण का कार्य चल रहा है इस कारण विशेष रूप से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत, जलभराव की समस्या का निस्तारण, नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, खण्ड विकास अधिकारी क्यारा, लोक निर्माण विभाग/एन.एच.आई. के अधिकारी, सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।