
सड़क पेयजल, सफाई, रोशनी और यातायात हेतु दिए विशेष निर्देश
बरेली। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बदायूं रोड का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। कछला से जल लेकर आने वाले अधिकांश कांवड़ियों के इसी मार्ग से गुजरने तथा सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, जलभराव की समस्या का समाधान, नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और हर व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, खंड विकास अधिकारी क्यारा, लोक निर्माण विभाग, एनएचआई के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।