
बरेली, 4 जुलाई। कैनविज (Kanwhizz) कंपनी के कथित करोड़ों रुपये के निवेश घोटाले के पीड़ित निवेशकों का दामोदर स्वरूप पार्क, बरेली में चल रहा आमरण अनशन शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी एवं उसके लगभग 40 सहयोगियों द्वारा निवेशकों को गुमराह कर करोड़ों रुपये की ठगी की गई, लेकिन विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज होने और कई बार शिकायतें, ज्ञापन तथा धरना-प्रदर्शन किए जाने के बावजूद अब तक आरोपियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
अनशनकारियों का कहना है कि न्याय की मांग को लेकर 1 जुलाई से लगातार आमरण अनशन किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे पीड़ितों में भारी आक्रोश और निराशा का माहौल है।
पीड़ित निवेशकों ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा अपने लोगों को धरना स्थल पर भेजकर अनशनकारियों को लगातार धमकियां दिलवाई जा रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
अनशन पर बैठे पीड़ित पंकज त्रिपाठी की तबीयत लगातार बिगड़ने की बात भी सामने आई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में सैकड़ों अन्य पीड़ित भी आमरण भूख हड़ताल में शामिल होंगे।
पीड़ितों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि कन्हैया गुलाटी एवं उसके सहयोगियों के विरुद्ध तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, सभी पीड़ितों को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा उनकी न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अनशन के दौरान किसी भी पीड़ित की तबीयत अधिक बिगड़ती है अथवा कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।