
बरेली । अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बरेली पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना बारादरी पुलिस ने शराब तस्करी में संलिप्त गिरोह को चिन्हित करते हुए बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मनोज कुमार जायसवाल पुत्र ओमप्रकाश जायसवाल निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी, बीसलपुर रोड थाना बारादरी, बरेली अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आर्थिक व भौतिक लाभ के उद्देश्य से अवैध शराब तस्करी का संगठित गिरोह संचालित कर रहा था।

जनहित और कानून व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने मनोज कुमार जायसवाल को जनपद स्तरीय शराब तस्कर माफिया (माफिया चिन्हिकरण संख्या- म-17/2026) के रूप में चिन्हित किया है। इसके साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों अशोक दीक्षित, अजय जायसवाल, अरुण कुमार पाण्डेय और संजय कुमार को भी माफिया गिरोह के सदस्य के रूप में चिन्हित किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरोह के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मामलों में कार्रवाई दर्ज है।

बरेली पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि संगठित अपराध, अवैध शराब तस्करी और समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही गिरोह की अवैध संपत्तियों की जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।