तीन महीने से वेतन नहीं, अब होगी आर-पार की लड़ाई NHM संविदा कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार, स्वास्थ्य सेवाएं हुई प्रभावित

बरेली। जनपद बरेली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। 21 मई 2026 को जिले के सभी CHC, PHC और उपकेंद्रों पर कार्यरत NHM संविदा कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। 300 बेड हॉस्पिटल समेत कई स्वास्थ्य इकाइयों में कर्मचारियों ने काम ठप कर सरकार और विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है और अब तीसरा महीना भी शुरू हो चुका है। अल्प वेतन में काम करने वाले संविदा कर्मचारी आर्थिक तंगी और भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बिना वेतन परिवार चलाना मुश्किल हो गया है और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी भारी पड़ रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वेतन भुगतान की मांग को लेकर लगातार अधिकारियों से अनुरोध किया गया, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो 11 मई 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद भी वेतन जारी नहीं हुआ तो 18 मई से 20 मई तक पूरे जिले में कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।


कर्मचारियों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि 20 मई तक वेतन नहीं मिला तो 21 मई को कार्य बहिष्कार किया जाएगा। उसी क्रम में गुरुवार को जिलेभर में NHM संविदा कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर काम बंद कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता एवं मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार, मंडल महामंत्री डॉ. अतुल शर्मा, संगठन मंत्री मुकेश कुमार, कार्य समिति सदस्य डॉ. जीए राही, जिला उपाध्यक्ष डॉ. मनमोहन सक्सेना, डॉ. पूनम अग्रवाल, अनुराग शर्मा, जिला प्रचार मंत्री अनुपम कुमार, ब्लॉक लेखा प्रबंधक पूजा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks