
बरेली । उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की हनी मिशन योजना के तहत बरेली जिले में बेरोजगार युवाओं और प्रशिक्षित व्यक्तियों को हनी बॉक्स और जरूरी टूल किट्स वितरित किए जाएंगे।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सामान्य पिछड़ा वर्ग के उत्पाद विकास, मानकीकरण एवं गुणवत्ता विनिश्चय योजना यानी हनी मिशन के तहत लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
इस योजना के तहत शहद उत्पादन कार्य में रुचि रखने वाले बेरोजगार और प्रशिक्षित लोगों को 5 दिवसीय गुणवत्तापरक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक चयनित व्यक्ति को 5-5 हनी बॉक्स और संबंधित टूल किट्स उपलब्ध कराई जाएंगी

यह योजना केवल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए लागू होगी। लाभार्थियों का चयन जिला स्तरीय समिति द्वारा स्कोर कार्ड के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन https://upkvib.gov.in पर जाकर कर सकते हैं।
आवेदन के साथ आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर, राशन कार्ड संख्या या परिवार आईडी और प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज लगाना अनिवार्य होगा।
पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र 10 जून 2026 शाम 5 बजे तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय बरेली में जमा किए जा सकेंगे।
अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 0581-2567395 पर संपर्क किया जा सकता है।