फोन पर “लल्ला गद्दी” बनकर मांगी फिरौती, कैंट पुलिस ने दो बदमाश दबोचे

बरेली। थाना कैंट पुलिस ने फोन पर खुद को “लल्ला गद्दी” बताकर फिरौती मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जबकि एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

दरअसल, ग्राम चौबारी निवासी एडवोकेट चन्द्रभान सिंह ने थाना कैंट में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 मई को उनके मोबाइल पर कॉल कर उनके बेटे अर्पित सिंह की हत्या कराने की धमकी दी गई और दो लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की।

मोबाइल नंबरों की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने चौबारी मोड़ के पास से वैभव सिंह और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वैभव का अर्पित सिंह की पत्नी से पहले से संपर्क था और शादी के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। इसी रंजिश में वैभव ने अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार में डर और तनाव पैदा करने की साजिश रची।


आरोपियों ने फर्जी सिम का इस्तेमाल कर खुद को “लल्ला गद्दी” बताकर कॉल की थी, ताकि पीड़ित परिवार भयभीत हो जाए। पुलिस जांच में अब तक असली “लल्ला गद्दी” के शामिल होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी अकरम की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks