
बरेली। थाना भमोरा क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जहां तेज आंधी और बारिश के दौरान एक व्यक्ति हवा में उड़ता दिखाई दिया। घटना 13 मई 2026 की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम बबियाना निवासी नन्हें पुत्र वहीद अंसारी उम्र करीब 50 वर्ष गांव के बारात घर में खड़े थे। तभी अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। आंधी इतनी तेज थी कि बारात घर की टीन की चादर और पाइप उड़ने लगे।
बताया जा रहा है कि नन्हें ने चादर को बचाने के लिए पाइप पकड़ लिया, लेकिन तेज हवा के कारण वह खुद भी पाइप के साथ हवा में उड़ गए और काफी दूर खेत में जाकर गिर पड़े। हादसे में उन्हें चोटें आई हैं।
परिजनों के अनुसार नन्हें के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और फिलहाल उनके हाथ में प्लास्टर चढ़ा हुआ है। वह घर पर ही मौजूद हैं।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग आंधी की भयावह ताकत का अंदाजा लगा रहे हैं।