कमलेश तिवारी हत्याकांड: जेल में बंद आरोपियों पर लगा रासुका

 

लखनऊ के कमलेश तिवारी हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ एक और बड़ा एक्शन लिया गया है. जेल में बंद दो आरोपियों पर अब रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगा दिया गया है. हिंदू समाज पार्टी के नेता कमलेश तिवारी की हत्या 18 अक्टूबर 2019 को लखनऊ में की गई थी.

कमलेश तिवारी हत्याकांड में ये एक्शन लखनऊ जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक प्रकाश ने लिया है. इस हत्याकांड के दो आरोपी यूसुफ खान और हाशिम अली दोनों लखनऊ जेल में बंद हैं. अब इन दोनों पर रासुका लगाया गया है. यूसुफ फतेहपुर और हाशिम नागपुर का रहने वाला है.

कमलेश तिवारी पर चाकू से वार किए गए थे, इसके अलावा गोली भी चलाई गई थी. इस घटना को लखनऊ के खुर्शीदबाग इलाके में कमलेश तिवारी के ऑफिस में ही अंजाम दिया गया था. आरोपियों को पकड़ने के लिए यूपी से गुजरात तक पुलिस को ऑपरेशन चलाना पड़ा था. इसके बाद दिसंबर 2019 में ही पुलिस ने चार्जशीट दायर कर दी थी. इस चार्जशीट में 13 लोगों को आरोपी बनाया गया.

सभी आरोपियों पर यूपी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट भी लगाई है. कुछ आरोपियों को इस केस में जमानत भी मिल गई थी. अब लखनऊ जेल में बंद दो आरोपियों पर रासुका लगाया गया है.

इस मामले से जुड़े एक आरोपी अशफाक ने बीते मार्च में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करके ट्रायल को लखनऊ से दिल्ली ट्रांसफर करने की अपील की थी. जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को नोटिस जारी किया था. आरोपी अशफाक ने अपनी याचिका में कहा था कि लखनऊ कोर्ट में पेश होने पर उसकी जान को खतरा है, लिहाजा लखनऊ में चल रहे ट्रायल को दिल्ली ट्रांसफर किया जाए.

About The Author

Team KNLS Live

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks