
बरेली, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में होमगार्ड भर्ती 2025 के अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा अपनी मांगों को लेकर सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी सीधे विधान भवन के सामने पहुंच गए और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
सड़कों पर बैठे इन युवाओं की केवल एक ही प्रमुख मांग है—प्रतीक्षा सूची यानी वेटिंग लिस्ट जारी की जाए!
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त गरमा गया जब कई अभ्यर्थी सीधे सड़क पर लेट गए और नारेबाजी तेज कर दी। जैसे ही अभ्यर्थियों ने विधान भवन की तरफ कदम बढ़ाए, पुलिस ने उन्हें जबरन रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी कहासुनी और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर बसों में बैठाया और ईको गार्डन भेज दिया।
अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि अंतिम चयन सूची से बाहर हुए योग्य उम्मीदवारों को भी भर्ती में मौका मिलना चाहिए। दिवाली के इस पावन पर्व पर अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भावुक अपील करते हुए मांग की है कि सरकार उन्हें ‘दिवाली उपहार’ के रूप में वेटिंग लिस्ट जारी करके राहत दे।