लॉकडाउन को ताक पर रखकर ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस निकालना दो नामित पार्षदों को भारी पड़ गया। सिविल लाइंस पुलिस ने दोनों पार्षद राजीव गुप्ता व शशि किरण समेत 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नगर निगम के नामित पार्षदों का सोमवार को शपथ ग्रहण था। इस दौरान दो पार्षद ढोल तांसों के साथ जुलूस के रूप में पीली कोठी स्थित मेयर के कैंप कार्यालय तक पहुंचे थे। एक दूसरे को गले लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा दीं। लॉकडाउन के बीच निकाला गया यह जुलूस सोमवार दोपहर बाद वायरल होने लगा। लोग इस वीडियो के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे। पोस्ट डालकर लोगों ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी से जुड़े होने के कारण इसमें मुकदमा नहीं होने के बात कही। देर रात इस मामले में अधिकारियों के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में दोनों नामित पार्षद समेत 22 लोगों पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के साथ ही, लॉकडाउन उल्लंघन, महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। एएसपी दीपक भूकर ने बताया कि मुकदमे में नामित पार्षद राजीव गुप्ता, शशि किरण और 20 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। यह मुकदमा एसआई प्रवीण कुमार की ओर से दर्ज कराया गया है।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में यदि वीडियो न होती तो नामित पार्षदों पर शायद मुकदमा न हो पाता। दरअसल सोमवार को जब ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला गया तो किसी ने इसकी वीडियो भी बना ली। कुछ फोटो भी खींची गई। दोपहर बाद से ही फोटो और वीडियो वायरल होने लगी। जिसके बाद सिविल लाइंस थाने के एसआई प्रवीण कुमार से अधिकारियों ने वायरल वीडियो की जांच कराई। इसी रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया गया है।