ढाई महीने बाद खुले होटल और मॉल भी…पर रेस्तराँ पर असमंजस बरकार-रिपोर्ट,राहुल शर्मा

अलीगढ:ढाई महीने बाद खुले होटल और मॉल भी…पर रेस्तराँ पर असमंजस बरकार

अनलॉक-1 जारी होते ही बाजार में सोमवार को भीड़भाड़ दिखाई दी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ीं। वहीं, ढाई महीने बाद होटल और मॉल भी खुल गए। मगर, रेस्टोरेंट पूरी तरह से नहीं खुले हैं। रेस्टोरेंट संचालकों में समय की पाबंदी को लेकर प्रशासन के प्रति नाराजगी है। होटलों में कुछ बुकिंग होने और ग्राहकों के आने से संचालकों के चेहरे की मायूसी दूर हुई है। पीएससी व रामघाट रोड स्थित मॉल का भी सन्नाटा टूटा है। खास बात यह है कि होटल व मॉल में ग्राहकों एवं व्यवसायी को संक्रमण की चपेट में आने से रोकने के लिए इंतजाम किए गए हैं। कारोबारियोें को उम्मीद है कि आने वाले समय में ग्राहकों के आने से उनका कारोबार रफ्तार पकड़ेगा।
21 मार्च के बाद से महानगर के होटल, रेस्टोरेंट और मॉल बंद थे। ढाई महीने बाद होटलों में बुकिंग शुरू हुई तो संचालकों के चेहरे की उदासी छटने लगी। ऑनलाइन बुकिंग के बाद कुछ ग्राहक पहुंच गए। सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड एवं रेलवे रोड आदि के एक-दो रेस्टोरेंट भी खुले। हालांकि, अधिकतर रेस्टोरेंट संचालक देखों और इंतजार करो की स्थिति में है। इसमें से कुछ जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित समय से संतुष्ट नहीं है। होटल एवं रेस्टोरेंट में मास्क, शारीरिक दूरी, सैनिटाइजेशन एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
पीएससी स्थित मॉल का भी सन्नाटा टूट गया है। सिनेमा एवं गेमिंग जोन को छोड़कर सारे दुकान खुल गए हैं। मॉल में प्रवेश से लेकर दुकानों तक पर ग्राहकों की सुरक्षा एवं संक्रमण की रोकथाम के लिए इंतजाम किए गए हैं। हर आने वाले ग्राहक का जूता से लेकर शरीर तक सैनिटाइज करने की व्यवस्था है। डिजिटल थर्मामीटर से तापमान लिया जा रहा है। मॉल के प्रवेश द्वारा पर मौजूद सुरक्षाकर्मी पीपीई किट पहनकर ड्यूटी कर रहे हैं। मॉल के मैनेजर विश्व रूपम ने बताया कि जिला प्रशासन के गाइड लाइन के अनुसार तमाम इंतजाम किया गया है ताकि ग्राहक एवं दुकानदार सुरक्षित रहें। कारोबारियों का कहना है कि पहला दिन होने के कारण आज कम ग्राहक आए। लेकिन निकट भविष्य में ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। सब्जी, फल किराना और कचौड़ी की दुकानों पर सुबह में ज्यादा भीड़ रही। रेस्टोरेंट के लिए निर्धारित समय अव्यवहारिक
जिला प्रशासन द्वारा रेस्टोरेंट खोलने के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित समय को अव्यवहारिक बता रहे हैं। उनका कहना है कि तेज धूप और 40 से अधिक तापमान में कौन घर से बाहर निकलेगा। रेस्टोरेंट में लोग शाम सात बजे के बाद परिवार के साथ भोजन करने आते हैं।
पदाधिकारियों ने प्रशासन से रेस्टोरेंट को रात्रि 9 बजे तक खोलने की अनुमति देने की मांग की है। बैठक में विवेक बगाई, मानव महाजन, दीपक गर्ग, सुमित कुंजीलाल, पंकज धीरज, निखिल मिल्कवार आदि मौजूद थे। इस दौरान बातचीत में विवेक बगई ने माना कि एक-दो रेस्टोरेंट सोमवार को खुले, मगर उनमें भी छह बजे तक कोई ग्राहक नहीं आया और छह बजे के बाद जब ग्राहक पहुंचे तो उन्हें वापस कर दिया गया। बैठक में अधिकांश ने समय 9 बजे तक करने की मांग करते हुए फिलहाल रेस्टोरेंट न खोलने का निर्णय लिया है।
बदल रहा खरीदारी का तौर-तरीका
पीएससी स्थित मॉल में एक व्यक्ति अपने परिजनों के लिए कपड़ा खरीदने पहुंचा। कोरोना के चलते वह परिवार के बदले अकेला आया था। वीडियो कॉलिंग के माध्यम से परिजनों से कपड़े पसंद कराया। मॉल में परिवार एवं बच्चों के साथ पहुंचने वालों की संख्या बेहद कम थी। रेस्टोरेंट में भी लोग बेहद सावधानी बरत रहे हैं।

About The Author

Team KNLS Live

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks