एटा ब्रेकिंग-
तीन और पॉजिटिव केस मिले, बार्बर की चाची और बेटी भी संक्रमित
एटा जिले में रविवार को कोरोना वायरस के तीन और पॉजिटिव केस मिले हैं। शहर के होली मुहल्ला निवासी कोरोना संक्रमित मृत बार्बर की चाची और बेटी संक्रमित पाई गई है। इसके अलावा एक व्यक्ति अलीगंज के सराय अगहत का रहने वाला है। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। जिनमें वर्तमान में चार एक्टिव केस है।
20 मई को शहर के होली मोहल्ला निवासी हेयर सैलून संचालक युवक की आगरा के एक निजी अस्पताल में मौत हुई थी। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसके 14 परिवार वालों और संपर्क में आए लोगों को क्वॉरेंटाइन कराकर जांच के लिए सैंपल भेजे थे। रविवार रात आई रिपोर्ट में मृत व्यक्ति की पुत्री और चाची और को पॉजिटिव बताया गया है। उसकी पुत्री थैलेसीमिया रोग से पीडित है और पहले से उसका इलाज चल रहा है। शनिवार को ही उसे जिला अस्पताल में ब्लड चढ़ाया गया था। यह दोनों लोग शहर के सेंट मैरी स्कूल में बनाए गए क्वॉरेंटाइन सेंटर में भर्ती है। उधर अलीगंज क्षेत्र के सराय अगहत कस्बा निवासी एक युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है वह शहर के जेएलएन डिग्री कालेज में बनाए गए क्वॉरेंटाइन सेंटर में भर्ती है। रिपोर्ट मिलने के बाद तीनों ही लोगों को क्वॉरेंटाइन सेंटर से बागवाला स्थित कोविड-19 एल1 अस्पताल भेजा जा रहा है। साथ ही उनके संपर्क में रहे लोगों का ब्योरा खंगालने की तैयारी शुरू कर दी गई है। होली मुहल्ला पहले से ही हॉटस्पॉट घोषित है। जबकि सराय अगहत में नया केस मिलने के बाद इस इलाके को भी हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हॉटस्पॉट क्षेत्र में लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। बैरिकेडिंग लगाकर लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।