मुरादाबाद में फिलहाल नहीं खुलेंगे बाजार, ढील पर प्रशासन आज लेगा फैसला

 

मुरादाबाद: 55 दिन का लॉकडाउन पूरा होने के बाद प्रदेश सरकार ने कंटेनमेंट जोन के बाहर के इलाकों में औद्योगिक गतिविधियों और दुकानों को खोलने की अनुमति दे दी है। दूसरी कई रियायतें भी सरकार ने लोगों को दी हैं। लेकिन मुरादाबाद में कम से कम मंगलवार को तो यह छूट मिलने नहीं ही जा रही हैं। मुरादाबाद के डीएम का कहना है कि मंगलवार को जिले में बाजार नहीं खुलेंगे। इसके अलावा अन्य सभी प्रतिबंध भी पूर्व की तरह ही लागू रहेंगे। डीएम का कहना है कि मंगलवार को हालात की समीक्षा के बाद ढील देने पर फैसला लिया जाएगा। दुकानें खोलने के आदेश जारी करने से पहले व्यापार मंडल के साथ बातचीत करके एक रोस्टर तैयार किया जाएगा।

22 मार्च को लॉकडाउन लागू होने के बाद से ही मुरादाबाद की 2500 निर्यात इकाईयां ठप पड़ी हैं। लॉकडाउन पार्ट तीन में कुछ रियायतें इन फैक्टरियों को दी गई थीं लेकिन निर्यात फैक्टरियों की सहयोगी इकाइयां जैसे कारखाने, गत्ते की फैक्टरियां, रॉ मैटेरियल आदि की दुकानें बंद होने से निर्यात फैक्टरियों को कोई खास राहत नहीं मिल सकी। 10 हजार करोड़ रुपये सालाना का निर्यात करने वाला हस्तशिल्प उद्योग तभी से बंद पड़ा है। निर्यातकों का कहना है कि लॉकडाउन से उन्हें तीन से चार हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अब सरकार ने कंटेनमेंट जोन से बाहर स्थित औद्योगिक इकाइयों और दुकानों को खोलने की अनुमति दी है। होम डिलीवरी के लिए रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों को खोलने की छूट भी दे दी गई है। जिन इलाकों में एक कोरोना पॉजिटिव है उसके 250 मीटर रेडियस में और जहां एक से अधिक पॉजिटिव हैं वहां 500 मीटर रेडियस में कोई गतिविधि नहीं होगी। बाकी इलाकों में दु़कानें रोस्टर बनाकर खोली जा सकेंगी। लेकिन फिलहाल मुरादाबाद में यह छूट मिलने नहीं जा रही है।
डीएम राकेश कुमार सिंह का कहना है कि प्रदेश के बाकी हिस्सों की तर्ज पर मुरादाबाद में बाजार खोलने की अनुमति मंगलवार से नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मंगलवार को मुरादाबाद जिले में सभी प्रतिबंध पूर्व की ही भांति पूरी सख्ती से लागू रहेंगे। मंगलवार को प्रशासन स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर ताजा हालात की समीक्षा करेगा। डीएम का कहना है कि समीक्षा के बाद ही जिले में ढील की बाबत फैसला लिया जाएगा। डीएम का कहना है कि जब ढील देने का निर्णय लिया जाएगा तो बाजारों को खोलने की अनुमति देने से पहले व्यापार मंडल के साथ वार्ता करके दुकानें खोलने का एक रोस्टर तैयार किया जाएगा।

About The Author

Team KNLS Live

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks