उत्तर प्रदेश के औरैया में सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है. औरैया में शनिवार तड़के डीसीएम से घर लौट रहे ये श्रमिक सड़क हादसे का शिकार हो गए. इसमें कई मजदूर घायल भी हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पीएम मोदी ने ट्वीट कर औरैया हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि सरकार राहत कार्य में तत्परता से जुटी है. उन्होंने इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले प्रवासी मजदूरों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है. साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये के मुआवजे का भी ऐलान किया है. साथ ही घायलों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे.
An ex-gratia of Rs 2 lakh each for the next of kin of those who lost their lives due to the unfortunate accident in Auraiya, UP has been approved from the PM's National Relief Fund. Rs 50,000 each for the injured has also been approved.
— PMO India (@PMOIndia) May 16, 2020
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया है. इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर शोक प्रकट किया है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर कहा कि औरैया में हुए सड़क हादसे में कई श्रमिकों की मृत्यु के बारे में जानकर अत्यंत दुख हुआ. इस दुर्घटना में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं. उन्होंने साथ ही इस हादसे में घायल हुए मजदूरों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. ट्वीट कर उन्होंने कहा कि घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि इस हृदय विदारक घटना ने एक बार फिर सरकार की ओर से मजदूरों की घर वापसी के लिए इंतजाम न करने पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रदेश में मजदूरों को ले जाने के लिए बसें क्यों नहीं चलाई जा रहीं? या तो सरकार को कुछ दिख नहीं रहा या वो सब कुछ देख कर अनजान बनी हुई है. उन्होंने सवाल कि क्या सरकार का काम सिर्फ बयानबाजी करना रह गया है?
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी की ओर से मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान करते हुए सरकार से 10-10 लाख रुपये की सहायता देने की मांग की. अखिलेश ने दिल दहला देने वाले हादसे के लिए नैतिक रूप से सरकार को जिम्मेदार बताया.
ऐसे हुआ हादसा
प्रवासी मजदूरों को लेकर आ रही डीसीएम खड़ी थी, तभी ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे की सूचना पाकर एसपी सुनीति सिंह तत्काल मौके पर पहुंच गईं और राहत और बचाव कार्य शुरू कराया. डीसीएम से घायलों को निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 24 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया. घायल 15 मजदूरों का इलाज सैफई के अस्पताल में हो रहा, जहां शाम को एक श्रमिक ने दम तोड़ दिया. हादसे का कारण ट्रक चालक का नींद में होना बताया जा रहा है.