शराब माफिया बंटू यादव के एनकाउंटर की अफवाह पर भड़के ग्रामीण, डीएम आवास घेरा

एटा: शराब माफिया बंटू यादव के एनकाउंटर की अफवाह पर भड़के ग्रामीण, डीएम आवास घेरा
~गांव से ट्रैक्टरों में भरकर पहुंचे कोतवाली देहात, डीएम आवास भी घेरा~ 
~डीएम ने दिया चालान कर जेल भेजने का आश्वासन, तब माने ग्रामीण~  
एटा जिले में शराब माफिया बंटू यादव की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार की सुबह अफवाह उड़ी कि पुलिस उसका एनकाउंटर करने जा रही है। इस पर ग्रामीण भड़क गए। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सैकड़ों ग्रामीण कोतवाली देहात पहुंच गए। बाद में ग्रामीणों ने डीएम आवास को घेर लिया। करीब तीन घंटे तक चले घेराव के बाद डीएम ने बंटू यादव का चालान कर जेल भेजने का आश्वासन दिया, तब ग्रामीण माने।
कोतवाली देहात क्षेत्र में बरामद शराब की पेटियां गायब करने और फर्जी मुठभेड़ मामले में शराब माफिया बंटू यादव को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव दरिगपुर निवासी बंटू यादव उर्फ प्रदीप का एनकाउंटर करने की अफवाह शुक्रवार को फैल गई। इसके बाद माफिया के गांव में हड़कंप मच गया। 
चार-पांच ट्रैक्टरों में सवार होकर महिलाएं और पुरुष थाना कोतवाली देहात और कलक्ट्रेट स्थित डीएम आवास पर पहुंच गए। इन लोगों की मांग थी कि लिखापढ़ी करने के बाद बंटू यादव को जेल भेजा जाए। अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को समझाया गया कि ऐसा कुछ भी नहीं होगा। इसके बाद भी चालान होने तक ग्रामीण कोतवाली देहात और जिलाधिकारी आवास के सामने पार्क में बैठे रहे।

बेटी ने बताई परिजनों को एनकाउंटर की बात
शराब माफिया बंटू यादव की बेटी पूनम का कहना है कि कोतवाली देहात में पिता से मिलने शुक्रवार की सुबह गई थी, यहां पर कुछ पुलिसकर्मी एनकाउंटर होने की बात आपस में कर रहे थे। ऐसा ही पिता ने भी बताया कि बेटी, मेरा एनकाउंटर होने जा रहा है। इसके बाद ग्रामीणों को बताया और ग्रामीण कोतवाली देहात पर पहुंच गए। 

पुलिस ने माफिया को जेल भेजा
कोतवाली देहात पुलिस ने माफिया बंटू यादव को शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे चालान कर अदालत में पेश किया और बाद में जेल भेज दिया। 

एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि शराब माफिया बंटू यादव का एनकाउंटर पुलिस द्वारा किए जाने की अफवाह फैलाई गई है। इसके बाद ग्रामीण आए थे। ग्रामीणों को ऐसा कुछ भी नहीं होने का आश्वासन दिया गया। शराब माफिया को जेल भेज दिया गया है। 

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks