यूपी में शराब की कीमतों में पांच रुपये से 400 रुपये तक इजाफा, प्रदेश को प्राप्त होगा 2350 करोड़ का राजस्व
लखनऊ:
प्रदेश सरकार ने अर्थ व्यवस्था को बेहतर करने के लिए शराब के दामों में पांच से लेकर 400 रुपये तक की वृद्धि कर दी है। बुधवार को हुई कैबिनेट में इस पर निर्णय लिया गया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि इससे प्रदेश को 2350 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति होगी
उन्होंने बताया कि देशी शराब पर पांच रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके तहत 65 रुपये वाली बोतल अब 70 रुपये में और 75 वाली देशी शराब 80 रुपये में मिलेगी। इसी तरह 180 मिली इकनॉमी श्रेणी में विदेशी शराब पर 10 रुपये, 180 एमएल से 500 एमएल तक की बोतल पर 20 रुपये और 500 मिली से अधिक की बोतल पर 30 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
मीडियम श्रेणी की शराब पर भी 10 रुपये, 20 रुपये और 30 रुपये बढ़ाए गए हैं। रेगुलर श्रेणी की शराब की कीमतों में 10 रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। 180 एमएल तक 20 रुपये, 180 से 500 एमएल तक 30 रुपये और 500 एमएल से अधिक मात्रा की बोतल पर 50 रुपये बढ़ाए गए हैं।
प्रीमियम श्रेणी में भी इसी अनुपात में रेट बढ़ाए गए हैं। आयातित विदेशी शराब पर 180 एमएल तक 100 रुपये, 180 एमएल से 500 एमएल तक 200 रुपये और 500 एमएल से अधिक की बोतल पर 400 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। शराब की बढ़ी हुई कीमतें बुधवार आधी रात से लागू हो गई हैं।
वित्त मंत्री ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान शराब की दुकानें भी बंद थी। लेकिन अवैध रूप से लोग शराब बना और बेच रहे थे। इस अवधि में 80 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब पकड़ी गई।
499 शराब की भट्टियां धधकती पाई गईं। इस दौरान 3526 एफआईआर दर्ज की गई और 3627 लोग गिरफ्तार किए गए। इसी दौरान कुछ स्थानों पर सैनिटाइजर पी लेने और अवैध शराब से मौत की खबरें भी आईं।