अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में तहसील खैर के एक गांव में नहर की पटरी के पास एक सफेद रंग की कार रुकी। कार में से एक महिला उतरी और कुछ फेंक कर वापस कार में बैठ कर चली गई। आसपास के ग्रामीणों ने इस पूरे वाक्ये को देखा तो मौके पर जाने के लिए दौड़ पड़े। पास में जाकर ग्रामीणों ने देखा तो हर कोई आश्चर्य में पड़ गया। कपड़े में लिपटा वो कोई सामान नहीं था, बल्कि नवजात था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। नवजात को सीएचसी पर ले गई और एक नर्स के सुपुर्द कर दिया।
बच्चे के चिल्लाने पर पहुंचे सब
खैर कोतवाली क्षेत्र के गौदोली नहर पुल पर एक नवजात शिशु नहर की पटरी पर मिटृी में दबा मिलने से इलाके में खलबली मच गई। गांव रुपानगला निवासी विमला देवी पटरी के किनारे खेतों में कार्य कर रही थी। तभी उसने देखा की एक सफेद रंग की कार नहर पटरी पर आई और कार से महिला उतरी महिला द्वारा कुछ फेंका गया है। कुछ देर में ही कार आगे की ओर चली गई। नहर पटरी के किनारे से शिशु के रोने की आवाज आने लगी। खेत में कार्य कर रही महिला दौड़कर पहुंची। मिटृी से नवजात शिशु को उठाया। तुरंत दो बाइक सवारों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया।
स्टाफ नर्स के हवाले किया नवाजत
सूचना मिलते ही पुलिस डायल 0765 पहुंची और नवजात को लेकर स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंची। वहां कुछ देर उपचार मिलने के बाद ही शिशु स्वस्थ हो गया। अब स्टाफ नर्स राजवाला शिशु का पूरा ध्यान रख रही हैं। नहर की पटरी पर नवजात शिशु मिलने से एसडीएम अंजुम बी व सीओ संजीव दीक्षित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉक्टर राहुल शर्मा ने बताया कि शिशु स्वस्थ है। नर्स उसकी देख भाल कर रही हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उसे आगरा सेंटर भेजा जाएगा।