एटा।उत्तर प्रदेश के एटा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले का खुलासा पुलिस जल्द कर सकती है। पुलिस का दावा है कि वो मामले की गुत्थी सुलझाने के करीब पहुंच गई है। मृतकों के सोशल मीडिया अकाउंट से पुलिस के हाथ अहम साक्ष्य लगे हैं। इस मामले के तार दूसरे जिले से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।
25 अप्रैल की सुबह सेवानिवृत्त स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश्वर प्रसाद पचौरी, उनकी पुत्रवधू दिव्या पचौरी, पौत्र आरुष (10 वर्ष), आरव (10 माह) और दिव्या की बहन बुलबुल (26) के शव मकान मिले थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर खुलासा कर दिया था। जिसके अनुसार घरेलू कलह के कारण दिव्या ने पहले चारों सदस्यों को विषाक्त पदार्थ देकर मौत की नींद सुलाया, फिर आत्महत्या कर ली।
राजेश्वर प्रसाद पचौरी के पुत्र दिवाकर पचौरी ने पुलिस के खुलासे पर सवाल खड़े करते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद इस मामले में थाना कोतवाली नगर में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। मृतकों की कॉल डिटेल, फेसबुक मैसेंजर और व्हाट्सएप चैटिंग खंगाली। जिसमें पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
पुलिस ने कुछ गैर जनपद के लोगों को उठाया है, जिनसे पूछताछ हो चुकी है। पुलिस टीम ने वर्कऑउट करने के लिए हर तथ्य को जोड़ लिया है ताकि कोई सवाल नहीं उठा सके। शुक्रवार को पुलिस अधिकारी मामले का खुलासा कर सकते हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सबकुछ मृतकों घर के आसपास ही घूम रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) राहुल कुमार ने बताया कि शृंगार नगर में पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने लगभग जांच पूर्ण कर ली है। जल्द खुलासा होने की उम्मीद है। मामले से जुड़े तथ्यों को जुटा लिया गया है।