
बरेली। उत्तर प्रदेश की राजनीति, खासकर बरेली और ब्रज क्षेत्र के सियासी समीकरणों को साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक अहम कदम उठाया है। पार्टी से पूर्व सांसद रहे धर्मेंद्र कश्यप के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद, भाजपा ने अब उन्हीं के परिवार से आने वाले और उनके सगे बहनोई एडवोकेट जयपाल सिंह कश्यप पर बड़ा भरोसा जताया है।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने एडवोकेट जयपाल सिंह कश्यप को पार्टी में ‘ब्रज क्षेत्रीय महामंत्री, भाजपा ओबीसी मोर्चा’ नामित कर एक महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को डैमेज कंट्रोल और कश्यप वोट बैंक को एकजुट रखने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
जयपाल सिंह कश्यप के राजनीतिक और सामाजिक सफर की बात करें तो वे साल 2012 से भाजपा के सक्रिय सदस्य हैं और पिछले 6 वर्षों से संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे हिंदूवादी संगठन ‘जय परशुराम सेना’ के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। इससे पहले वे भाजपा के टिकट पर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुके हैं, जिसमें वे उपविजेता रहे थे।
राजनीति के साथ-साथ वकालत के पेशे में भी जयपाल सिंह कश्यप की मजबूत पकड़ है। वर्तमान में वे बरेली बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले भी वे बार एसोसिएशन में दो बार कोषाध्यक्ष और एक बार सह-सचिव के पद पर निर्वाचित हो चुके हैं। अधिवक्ताओं के हितों के लिए लगातार सक्रिय रहने के कारण बुद्धिजीवी वर्ग और अपने समाज में उनकी पहचान एक जाना-माना चेहरा बनने की रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कश्यप समाज और प्रबुद्ध वर्ग में जयपाल सिंह कश्यप की पकड़ को देखते हुए भाजपा आने वाले समय में उन्हें संगठन या चुनाव में और भी बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है, ताकि क्षेत्र में धर्मेंद्र कश्यप के जाने से बने सियासी समीकरणों को संतुलित किया जा सके।