
बरेली। शहर के थाना बारादरी इलाके में एक महिला से पर्स छीनने वाले शातिर बदमाशों के साथ पुलिस की भीषण मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 26 वर्षीय बदमाश उफैज़ा के पैर में गोली लगी और वह वहीं ढेर होकर गिर पड़ा, जबकि उसके दूसरे साथी शातिर अपराधी ‘नागराज’ को पुलिस ने दबोच लिया।
दरअसल, 3 नवंबर की शाम पासपोर्ट कार्यालय के पास स्कूटी सवार एक महिला का पर्स छीनकर दो बदमाश बाइक से फरार हो गए थे। पर्स में नकदी, एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बारादरी पुलिस ने जाल बिछाया और इलाके के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने भरतौल रोड पर चेकिंग अभियान शुरू किया। तभी एक संदिग्ध बाइक पर सवार दोनों आरोपी आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब बाइक को रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने बाइक छोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे तमंचे से गोलियां दाग दीं!
पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगते ही बदमाश उफैज़ा जमीन पर गिर पड़ा, जबकि हत्या के मुकदमे में वांछित और कई मामलों के आरोपी शकील उर्फ शानू उर्फ नागराज को घेराबंदी कर धर दबोचा गया।
“पकड़े गए बदमाशों के पास से:
315 बोर के दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस
लूटा गया ओप्पो मोबाइल फोन
3 बैंकों के एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस
₹1,810 की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।
पूछताछ में दोनों ने कुबूल किया कि वे अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए राह चलती महिलाओं और राहगीरों से छिनैती करते थे। फिलहाल घायल बदमाश उफैज़ा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और नागराज को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।