गांधी जयंती पर पुलिस लाइन में भव्य समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हुए सम्मानित

बरेली। गांधी जयंती के पावन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी बापू और शास्त्री जी के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया। राष्ट्रीय सलामी के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई।
सीरियल किलर को पकड़ने वाले जांबाजों को मिला सीएम का प्रशस्ति पत्र
समारोह के दौरान उत्कृष्ट और साहसिक कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को विभिन्न पदकों व नकद पुरस्कारों से नवाजा गया:
अति उत्कृष्ट सेवा पदक (गृह मंत्रालय, भारत सरकार): उ०नि० यातायात कमलेश कुमार।
उत्कृष्ट सेवा पदक (गृह मंत्रालय, भारत सरकार): मुख्य आरक्षी नंद किशोर दिवाकर (अंगुष्ठ छाप प्रकोष्ठ) एवं मु०आ० ना०पु० मनवीर सिंह (कार्यालय क्षेत्राधिकारी फरीदपुर)।
मुख्यमंत्री जी का प्रशस्ति पत्र एवं ₹25,000 नगद पुरस्कार:


थाना शाही क्षेत्र में महिलाओं की हत्या की गुत्थी सुलझाने और कुख्यात सीरियल किलर को सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले आरक्षी सरफराज अहमद (थाना शाही) और आरक्षी शेखर वर्मा (यूपी-112, बरेली) को मुख्यमंत्री के प्रशस्ति पत्र व ₹25,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कम्बल, फल व मिष्ठान भेंट
एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस परिवार के अभिन्न अंग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए 15 कर्मियों—भगत सिंह, हरिओम सिंह, विक्की कश्यप, मनोज भारती, मो० मुनव्वर, रामौतार, कुशलपाल, अजीत सिंह, राजेश राणा, मो० ताजिम, गणेश गोस्वामी, राम आसरे, छत्रपाल सिंह, नन्दलाल और जमुना प्रसाद—को कम्बल, फल व मिष्ठान देकर सम्मानित व पुरस्कृत किया। इसके बाद सभी उपस्थित पुलिसकर्मियों में मिष्ठान वितरित कर मुंह मीठा कराया गया।

​समारोह में पुलिस अधीक्षक यातायात मो० अकमल खान, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन शिवम आशुतोष, क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय नितिन कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात अंजनी कुमार तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना विजय कुमार राना, क्षेत्राधिकारी बरेली सुनील कुमार सहित यूपी-112, सीसीटीएनएस, यातायात, रेडियो, परिवहन, चुनाव सेल, परिवार परामर्श केंद्र एवं पुलिस वेलफेयर शाखा के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
​कार्यक्रम के मंच का संचालन सहायक पुलिस अधीक्षक शिवम आशुतोष सिंह द्वारा किया गया, जबकि सम्पूर्ण व्यवस्था प्रतिसार निरीक्षक हरमीत सिंह ने कुशलतापूर्वक संभाली।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks