
बरेली/लखनऊ। प्रदेश में चल रहे ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने कानपुर, प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर और अयोध्या में होटल-रेस्टोरेंटों की सघन जांच की। निरीक्षण में रसोई और खाद्य भंडारण से लेकर साफ-सफाई, जल निकासी तथा वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण में गंभीर खामियां सामने आईं।
अभियान के दौरान 24 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन एवं अन्य विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई, जबकि 174 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
जांच में कहीं कॉकरोच और चूहे, तो कहीं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली। बरेली में कृष्णा भोजनालय, स्टेशन रोड और रमाडा होटल, सिविल लाइंस का लाइसेंस निलंबित किया गया। वहीं कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या और मुरादाबाद में भी कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई।
विभाग की दो टूक चेतावनी
खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, गुणवत्तापूर्ण कच्चा माल, कीट नियंत्रण और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण के मानकों का पालन अनिवार्य है। विभाग ने स्पष्ट किया कि ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।