
बरेली। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की रीढ़ कही जाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के सम्मान में मंगलवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज प्रांगण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित मुख्य सम्मान व नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का बरेली के विकास भवन सभागार में सीधा प्रसारण दिखाया गया।
सभागार में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में सांसद छात्रपाल गंगवार, महापौर उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी की मौजूदगी में नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति व प्रशस्ति पत्र तथा बच्चों को पोषण पोटली बांटी गई।

स्मार्ट केंद्र और 5 लाख तक का कैशलेस इलाज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद छात्रपाल गंगवार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि मां के बाद यदि किसी बच्चे का दुनिया में पहला भावनात्मक और सामाजिक संवाद होता है, तो वह आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका से ही होता है। सांसद ने कहा कि केंद्र अब स्मार्ट हो रहे हैं और सरकार कार्यकत्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। इसी क्रम में 5 लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और मानदेय वृद्धि जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।
जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की मिसाल
मंच से जनप्रतिनिधियों ने सभी नवनियुक्त कर्मियों से अपने कर्तव्यों का पालन पूरी संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया। अयोध्या से जुड़े लाइव प्रसारण के बाद सभागार में मौजूद महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार की घोषणाओं का स्वागत किया। अंत में अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों ने पोषण किट और प्रमाण पत्र वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया।