
बरेली। आंवला क्षेत्र में उफनती अरिल नदी को पार करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। सोमवार शाम डरुआपुर गांव के पास रपटा पुल से बाइक समेत नदी में बहे तीन युवकों में से प्रेम और विष्णु स्वरूप के शव मंगलवार को बरामद कर लिए गए। करीब 15 घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने दोनों शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर खोज निकाले। दोनों विशारतगंज के आंबेडकर नगर वार्ड के निवासी बताए गए हैं।
हादसा उस समय हुआ जब पुल के ऊपर करीब डेढ़ से दो फीट पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। ग्रामीणों ने युवकों को पुल पार करने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे बाइक लेकर आगे बढ़ गए। पुल के बीच पहुंचते ही बाइक तेज बहाव में अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों नदी में जा गिरे।
सूचना पर पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। रातभर तलाश के बाद मंगलवार सुबह नौ गोताखोरों की टीम ने करीब 250 मीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया और दो शव बरामद कर लिए।
तीसरे युवक की तलाश अब भी जारी है। तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के बीच गोताखोर नदी की धारा की दिशा में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है ।