
बरेली। आगामी बारावफात (ईद मिलाद-उन-नबी) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के दिशा-निर्देशन में बुधवार को पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने थाना बारादरी क्षेत्र में रूट मार्च कर जुलूस मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने जगतपुर तिराहा से कंकड़टोला, शहदाना, सैलानी, मीरा की पैठ, रवि की आटा चक्की होते हुए जगतपुर चौकी तक करीब 4.5 किलोमीटर लंबे बारावफात जुलूस मार्ग का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान एएसपी/सीओ सिटी थर्ड शिवम आशुतोष भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने जुलूस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही जुलूस आयोजकों एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से निर्धारित जुलूस मार्ग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। साथ ही सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।