
बरेली। हरियाली तीज के पावन पर्व पर श्रीजी लेडीज क्लब की ओर से आयोजित चार दिवसीय तीज महोत्सव में उल्लास, उमंग और भारतीय संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिली। कान्हा श्याम होटल का सभागार रविवार से बुधवार तक तीज के रंग में रंगा रहा। समारोह की आयोजिका वैशाली सिंह रहीं।
कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों एवं आकर्षक श्रृंगार में शामिल होकर गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पारंपरिक लोकगीतों की मधुर गूंज और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण ‘तीज क्वीन-2026’ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में महिलाओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और आकर्षक प्रस्तुतियों से निर्णायकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। निर्णायकों के चयन के बाद सरस्वती जगाती को वर्ष 2026 की ‘तीज क्वीन’ चुना गया। उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया गया। ताज मिलते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह में महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देने के साथ ही विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने आयोजन की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम ने नारी शक्ति, आपसी मेलजोल, सौहार्द और भारतीय परंपराओं का सुंदर संदेश दिया।
आयोजिका वैशाली सिंह ने कहा कि तीज केवल पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का उत्सव है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और एक-दूसरे से जुड़ने के साथ ही संस्कृति एवं परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर प्रिया सक्सेना, रानी सक्सेना, एकता, श्वेता, निर्मला, रीता राय, दीप्ति दास, विजयवाला, मीनाक्षी, अलिका, कामना और गरिमा सहित क्लब की अनेक सदस्याएं मौजूद रहीं। सभी ने एक-दूसरे को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
समापन अवसर पर आयोजिका वैशाली सिंह ने सभी अतिथियों एवं सदस्याओं का आभार व्यक्त किया। चार दिवसीय महोत्सव के समापन पर महिलाओं ने जमकर खुशियां साझा कीं और तीज की खूबसूरत यादों को अपने साथ संजोकर विदा ली ।