
बरेली। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती-2026 को लेकर बरेली प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भर्ती रैली की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
सेना अधिकारियों ने बताया कि जाट रेजीमेंट सेंटर बरेली परिसर में 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें बरेली समेत 12 जनपदों—बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं से हजारों अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराई जाए। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, सफाई और परिवहन समेत सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
भर्ती स्थल पर 108 एम्बुलेंस, चिकित्सकों की टीमें व आवश्यक दवाएं, जनरेटर, रोड रोलर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, फायर ब्रिगेड तथा सफाई कर्मियों की व्यवस्था के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन और अभ्यर्थियों की सहायता के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाने को भी कहा गया।
रोडवेज को भर्ती संबंधी फ्लैक्स लगी बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर निगम द्वारा बायोटॉयलेट, वाटर टैंक, डस्टबिन और सफाई कर्मियों की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने भर्ती रैली को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय पर जोर दिया। बैठक में सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक रजनीश अइययर, सूबेदार मेजर अनिल कुमार, नायब सूबेदार संजय कुमार समेत जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग और रोडवेज के अधिकारी मौजूद रहे।