श्रीहरि मंदिर में गूंजा हनुमान चालीसा का जयघोष , सावन में उमड़ी भक्तों की अपार भीड़


बरेली। सावन के पवित्र माह में मंगलवार को मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर का प्रांगण भक्ति और आस्था से सराबोर नजर आया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर के पंडित रमेश तिवारी ने श्री हनुमान जी का विधिवत पूजन एवं भव्य शृंगार कराया। मनोकामना पूर्ति की कामना लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
शाम के सत्र में श्री हरि संकीर्तन मंडल द्वारा भजनों की ऐसी रसधारा बही कि पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। रवि छाबड़ा ने ‘है दुःख भंजन मारुति नंदन’, संजय आनंद ने ‘मंगल मूर्ति राम दुलारे’, पंकज ने ‘आज मंगलवार है’, सचिन सेठी ने ‘कीजे केसरी के लाल’ तथा भाई सौरभ ने ‘राम भी मिलेंगे तुझे, श्याम भी मिलेंगे’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इसके बाद मंदिर प्रांगण में उपस्थित सभी भक्तजनों ने एक स्वर में सामूहिक श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। हनुमान चालीसा के जयघोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। सामूहिक आरती एवं शयन आरती के बाद भक्तों में भंडारा प्रसादी का वितरण किया गया।
मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि श्री हरि मंदिर प्रांगण में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं आरती का आयोजन विगत कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इसमें हर आयु वर्ग के श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवाओं की बढ़ती भागीदारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष सुशील अरोरा, सचिव रवि छाबड़ा, अश्विनी ओबेरॉय, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, अतुल कपूर, रंजन कुमार, योगेश ग्रोवर, अनुराग शर्मा, हरीश लुनियाल, राजेश अरोरा, अनिल चड्ढा सहित मंदिर के अन्य सदस्य मौजूद रहे। महिला मंडल अध्यक्ष रेनू छाबड़ा अपनी टीम के साथ शामिल हुईं, जबकि युवा मंडल के सदस्यों ने प्रसाद वितरण की सेवा संभाली।
समापन पर मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और सभी भक्तजनों को भंडारा प्रसाद वितरित किया गया।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks