
बरेली। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान के साथ बरेली-बदायूं कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कांवड़ियों के विश्राम स्थलों, पुलिस सहायता केंद्रों, मिशन शक्ति केंद्रों तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मार्ग में श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग के डिवाइडरों पर पेंटिंग, रात में बेहतर दृश्यता के लिए रिफ्लेक्टर टेप लगाने, पुलिसकर्मियों के लिए 1000 रेनकोट की व्यवस्था, रामगंगा तिराहे पर प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने और कांवड़ियों के विश्राम स्थलों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा प्रत्येक पुलिस सहायता केंद्र पर फर्स्ट एड बॉक्स, दवाइयां, पेयजल, आपातकालीन संपर्क नंबर, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा कंट्रोल रूम और पुलिस सहायता केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।