
बरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित जिला व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीर मंथन हुआ। शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बिजली, पार्किंग, नगर निगम, ट्रैफिक और कांवड़ यात्रा के दौरान तेज ध्वनि जैसे अहम मुद्दे उठाए।
बैठक में नगर निगम द्वारा व्यापारियों के साथ नियमित बैठक न होने की शिकायत पर एडीएम सिटी ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर निगम अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित करने और सभी संबंधित विभागों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिजली व्यवस्था को लेकर व्यापारियों ने विभिन्न बाजारों में लंबे समय से पड़े खराब ट्रांसफार्मरों का मुद्दा उठाया। इस पर एडीएम सिटी ने विद्युत विभाग को पुराने ट्रांसफार्मर तत्काल हटाकर नए ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के समय फोन रिसीव न करने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए जनसामान्य और व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की अत्यधिक तेज आवाज से होने वाली परेशानी पर भी चर्चा हुई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को ध्वनि नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कचहरी क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था के अभाव से लगने वाले जाम पर भी चिंता व्यक्त की गई। एडीएम सिटी ने पुलिस अधीक्षक यातायात को क्षेत्र का निरीक्षण कर अंडरग्राउंड पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रांतीय उद्योग व्यापारी मंडल के महामंत्री सुदेश अग्रवाल, भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश मंत्री एवं जिलाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, राष्ट्रीय जागरण उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।