
बरेली। नाथ नगरी जलाभिषेक समिति की ओर से तीसरे चरण में सोमवार को बाबा धोपेश्वर नाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक एवं भव्य भस्म शृंगार का आयोजन किया गया। सुबह यात्रा का शुभारंभ समिति के उपाध्यक्ष धर्मेश अग्रवाल के निर्देशन में श्यामगंज स्थिति मंदिर पर गणेश पूजन एवं नाथ नगरी चालीसा के पाठ के साथ हुआ।
घंटा, शंख और नगाड़ों की गूंज के साथ निकली जलाभिषेक शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा कालीबाड़ी, संजय कम्युनिटी हॉल, रामपुर गार्डन, प्रभा टॉकीज, कैंट और बी.आई. बाजार मार्ग से होती हुई बाबा धोपेश्वर नाथ मंदिर पहुंची। इस दौरान पूरे मार्ग में वातावरण ॐ नमः शिवाय और भक्तिमय भजनों की मधुर धुनों से शिवमय बना रहा।
यात्रा के दौरान जगह-जगह दिव्य जागृति संस्था, प्राचीन कालीदेवी मंदिर चाहबाई समिति, मनोकामना मंदिर समिति, अध्यात्म संस्था और विश्व जागृति मिशन समिति सहित कई धार्मिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।