
बरेली । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के शातिर अपराधियों पर शिकंजा कसा है।
पुलिस ने विभिन्न गंभीर अपराधों में संलिप्त 56 अपराधियों की क्लास-बी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। इनमें लूट, छिनैती, चोरी, नकबजनी, हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी, गौकशी, पशु क्रूरता, अवैध हथियार, अवैध शराब, मादक पदार्थ और जुए जैसे अपराधों में शामिल अपराधी शामिल हैं।
जिले के कई थानों में अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें थाना फरीदपुर में 13, सीबीगंज में 5, मीरगंज में 5, इज्जतनगर में 5, नकहा में 5, बहेड़ी व भुता में 4-4 समेत अन्य थानों के अपराधी शामिल हैं।
अपराध की प्रकृति के अनुसार पुलिस ने चोरी, नकबजनी, लूट, हत्या, गौकशी, पशु चोरी, अवैध शस्त्र और मादक पदार्थों जैसे मामलों में शामिल अपराधियों को चिन्हित किया है।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।