
बरेली । मंगलवार 30 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए बड़ा डायवर्जन प्लान जारी किया है। कार्यक्रम समाप्ति तक भारी व हल्के मालवाहक वाहनों और रोडवेज बसों के संचालन में बदलाव रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक परसाखेड़ा रोड नंबर-01, विलय पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर और रामगंगा तिराहा बुखारा मोड़ से भारी वाहनों का शहर की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। संबंधित थाना प्रभारी पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी सुनिश्चित करेंगे।
दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन जो बदायूं की तरफ जाएंगे, वह बड़ा बाईपास से विलय, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर होते हुए फतेहगंज पूर्वी से दातागंज-देवचरा मार्ग से जा सकेंगे।
वहीं नैनीताल-पीलीभीत रोड से आने वाली रोडवेज बसें भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित होंगी। दिल्ली और रामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास से झुमका, विलय, विलयधाम, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी होते हुए निकल सकेंगे।
लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए बड़ा बाईपास का प्रयोग करेंगे। बदायूं की तरफ से आने वाले वाहन देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर पहुंच सकेंगे।
इसके अलावा पुराना रोडवेज बस स्टैंड से रोडवेज बसों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। सभी बसें सैटेलाइट बस स्टैंड से संचालित होंगी और वहीं से अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।