
बरेली । पिछड़ा वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय बरेली की ओर से O-Level और CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना जरूरी है। अभिभावक की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और अभ्यर्थी की उम्र 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इस योजना के तहत O-Level कंप्यूटर प्रशिक्षण एक वर्ष और CCC प्रशिक्षण तीन महीने की अवधि का होगा। प्रशिक्षण के लिए बरेली जिले के चयनित संस्थानों में आवेदन किया जा सकता है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन की प्रिंट कॉपी के साथ शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन कक्ष संख्या-17 बरेली में जमा करनी होंगी।