
बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह जिला चिकित्सालय पहुंचकर खुद किया स्वैच्छिक रक्तदान और लोगों से भी इस महादान में आगे आने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि आपकी दी हुई एक यूनिट रक्त किसी दुर्घटना में घायल व्यक्ति, थैलेसीमिया मरीज या प्रसूता की जिंदगी बचा सकती है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को साल में 3 से 4 बार रक्तदान जरूर करना चाहिए। रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी नहीं आती, बल्कि शरीर कुछ ही समय में नए रक्त का निर्माण कर लेता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि नियमित रक्तदान से स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और लोगों में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ती है।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह सहित जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक और स्टाफ मौजूद रहे। सीएमओ ने भी लोगों से अपील की कि जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान जरूर करें।