
बरेली। चौपला फ्लाईओवर को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को चौपला फ्लाईओवर का स्थलीय निरीक्षण कर मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण में पाया गया कि पुल की मरम्मत का काम निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतिम चरण के कार्य पूरे होते ही 17 जून 2026 से चौपला फ्लाईओवर को आमजन के लिए खोल दिया जाए, जिससे लोगों को जाम और आवागमन की परेशानी से राहत मिल सके।

बता दें कि चौपला पुल पर एक्सपेंशन ज्वाइंट सहित अन्य मरम्मत कार्य 12 मई 2026 से शुरू किया गया था। जिलाधिकारी ने पहले ही अधिकारियों को कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए थे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पुल पर मरम्मत कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, वर्तमान में फिनिशिंग और कंक्रीट तराई का अंतिम कार्य चल रहा है। जल्द ही इसे पूरा कर पुराने स्वरूप में यातायात शुरू कर दिया जाएगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह सहित एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।