
15 मई से डाउनलोड शुरू, देशभर के 403 सेंटरों पर होगी ऑनलाइन परीक्षा
बरेली। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए सुनहरा मौका मिला है।
अग्निवीर भर्ती परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी 15 मई से joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
भारतीय सेना भर्ती बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार ऑनलाइन सीईई परीक्षा 2026 का आयोजन 1 जून से 12 जून 2026 तक किया जाएगा। यह परीक्षा देशभर के 206 शहरों में बनाए गए 403 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा 22 अलग-अलग श्रेणियों में कराई जाएगी।
भर्ती बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें , और परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। परीक्षा से संबंधित सभी जरूरी जानकारी सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इसके साथ ही अभ्यर्थियों तक सही और समयबद्ध सूचना पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसमें जेडआरओ, एआरओ, मीडिया प्रचार विभाग, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, स्थानीय समाचार पत्र और अन्य जनसंचार माध्यमों की मदद ली जाएगी।

सेना भर्ती अधिकारियों ने युवाओं को चेतावनी भी दी है कि किसी भी भ्रामक सूचना या फर्जी दावों पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट एवं सरकारी माध्यमों से मिली जानकारी को ही सही मानें।