
बरेली । थाना इज्जतनगर क्षेत्र से इंसानियत को सुकून देने वाली तस्वीर सामने आई है… जहां आधी रात भटकते मिले मासूम अंशु को पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता ने उसकी मां की गोद तक पहुंचा दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिवार की आंखें खुशी से नम हो गईं।
आपको बताते चलें कि 14 मई की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच थाना इज्जतनगर क्षेत्र में एक छोटा बच्चा अकेले भटकता हुआ मिला। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और पूछताछ की, जिसमें बच्चे ने अपना नाम अंशु पुत्र प्रमोद कुमार बताया।
सूचना मिलते ही प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा के निर्देश पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम सक्रिय हो गई। पूरी रात और अगले दिन लगातार प्रयास करते हुए टीम ने बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू की। आखिरकार मेहनत रंग लाई और अंशु के परिवार का पता लगा लिया गया।
बाल कल्याण समिति के आदेश के बाद मासूम अंशु को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे को सुरक्षित देखकर मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

इस सराहनीय कार्य में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम की मेघना शर्मा और कमला ने अहम भूमिका निभाई। परिवार ने पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम का आभार जताते हुए उनकी जमकर सराहना की।