थैलेसीमिया से जंग में आईएमए बरेली बना बच्चों की उम्मीद ,  गूंजा स्वस्थ भविष्य का संदेश

बरेली। विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर भारतीय चिकित्सा संघ यानी IMA बरेली शाखा द्वारा समाज को जागरूक करने के लिए एक भव्य थैलेसीमिया जागरूकता रैली और निःशुल्क थैलेसीमिया स्क्रीनिंग एवं HLA टेस्टिंग कैंप का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और उनके अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज को बीमारी के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
करीब 150 से अधिक बच्चों ने हाथों में तख्तियां, पोस्टर, पतंग और झंडे लेकर लोगों को थैलेसीमिया से बचाव, समय पर जांच और नियमित उपचार के लिए प्रेरित किया।


रैली को मुख्य अतिथि जिला जज प्रदीप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि सीजेएम श्रीमती जया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
रैली IMA भवन से शुरू होकर चौकी चौराहा होते हुए कंपनी गार्डन तक निकाली गई।
थैलेसीमिया जागरूकता की विशेष टी-शर्ट पहने बच्चों की मासूम मुस्कान और उनका उत्साह हर किसी का दिल जीतता नजर आया।
IMA बरेली के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था लगातार थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मदद कर रही है।
हर महीने बच्चों को बिना डोनर के निःशुल्क और सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जाता है। इतना ही नहीं, बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, आयरन चिलेशन थेरेपी और विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा इलाज की व्यवस्था भी की जाती है।
उन्होंने जानकारी दी कि अब बच्चों के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट कार्यक्रम की भी तैयारी की जा रही है। इसके तहत बच्चों की निःशुल्क HLA मैचिंग कराई जाएगी और उपयुक्त बच्चों को लगभग 90 प्रतिशत आर्थिक सहयोग देकर बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराया जाएगा, जिससे वे पूरी तरह स्वस्थ जीवन जी सकें।
रैली के बाद IMA भवन में निःशुल्क थैलेसीमिया स्क्रीनिंग और HLA टेस्टिंग कैंप लगाया गया, जिसमें 150 से अधिक बच्चों की जांच की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान विश्व थैलेसीमिया दिवस पर केक काटकर बच्चों का उत्साहवर्धन भी किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
IMA बरेली ने समाज से अपील की कि थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए जागरूकता, समय पर जांच और जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks