
बरेली । चौपला पुल पर NHAI द्वारा मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर यातायात पुलिस ने 12 मई 2026 से करीब 45 दिनों तक भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार चौपला पुल पर निर्माण कार्य के दौरान शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए कई मार्गों पर वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा ।
किन वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन, तेल टैंकर, डेयरी उत्पाद वाहन, रोडवेज और सिटी बसों को चौपला पुल की तरफ आने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ होकर शहर में प्रवेश करेंगे।

इन मार्गों से होगा डायवर्जन
नैनीताल और पीलीभीत की ओर से बदायूं जाने वाले वाहन वियावान कोठी, बुखारा मोड़ और रामगंगा मार्ग से होकर गुजरेंगे। वहीं दिल्ली, रामपुर और मुरादाबाद की ओर से आने वाली रोडवेज बसों को भी वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
स्थानीय लोगों के लिए विशेष व्यवस्था
सुभाषनगर, करगैना, बीडीए और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के लिए दोपहिया वाहनों से आने-जाने हेतु वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं, ताकि लोगों को कम परेशानी न हो।
यातायात पुलिस ने नगरवासियों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान चौपला और बदायूं रोड की ओर जाने से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, जिससे असुविधा और जाम से बचा जा सके।